औरैया। अजीतमल क्षेत्र में मूली के खेत से मिले सुमित के शव के मामले में पुलिस ने महज 36 घंटे में हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह 2500 रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, सुमित का आरोपी रितिक कुमार के साथ 2500 रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि रितिक ने सुमित को खेत में बुलाया, जहां विवाद के बाद उस पर लोहे के वांके से हमला कर दिया। हमले में सुमित की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अजीतमल पुलिस के साथ SOG और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी रितिक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का वांका, मृतक का मोबाइल फोन और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
