जसवंतनगर: 50 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

MiH News

जसवंतनगर (संवाददाता - पंकज राठौर), इटावा। आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जसवंतनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक 10-चक्का ट्रक से करीब 50 लाख रुपये कीमत की 500 पेटी पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शराब की पेटियों को ट्रक में पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान कुल 500 पेटियों में करीब 6,000 बोतलें बरामद होने की बात सामने आई है। बताया गया कि पुलिस टीम हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पंजाब नंबर के एक 10-चक्का ट्रक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस का दावा है कि चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। 

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने शराब को पंजाब से खरीदकर बिहार ले जाने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुकूमाराम और परमान, निवासी बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई है। यह कार्रवाई एसएसपी इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण, एएसपी नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम की कार्रवाई से प्रसन्न होकर एसएसपी इटावा ने टीम को 20 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और खेप के संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है।

About Us

MiH News एक भरोसेमंद हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जहां आपको देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश, बिहार और स्थानीय क्षेत्रों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक तेज, सटीक और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाना है।