जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा । नगर में गणेश शोभायात्रा को भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से गणेश शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में शोभायात्रा के मार्ग, झांकियों, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष गणेश शोभायात्रा आगामी 8 अक्टूबर को शाम 6:00 बजे धूमधाम से निकाली जाएगी। शोभायात्रा का शुभारंभ समिति अध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र पुरवार द्वारा किया जाएगा।
शोभायात्रा रेलमंडी से प्रारंभ होकर लुधपुरा तिराहा, नदी का पुल, छोटा चौराहा, बड़ा चौराहा, हाईवे चौराहा, जीजीआईसी, रामलीला तिराहा, रामलीला रोड, नगर पालिका, बड़ा चौराहा, कटरा बुलाकीदास, कटरा पुख्ता और फक्कड़पुरा होते हुए बिलैया मठ पहुंचकर विधिवत संपन्न होगी।
विशेष झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां:
शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए समिति की ओर से विशेष झांकियों का प्रबंध किया जा रहा है। इसके साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी शामिल रहेंगी। बैठक में पदाधिकारियों ने सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने पर जोर दिया ताकि आयोजन को सुगम और भव्य बनाया जा सके।
तैयारी बैठक में संजय गुप्ता, जितेंद्र वर्मा, जीतू बल्लू पोरवाल, अनूप दुबे, सोमेश गुप्ता, कौशल यादव, आशु चौरसिया, सोनू हार्डवेयर, गोविंद गुप्ता और विनय गुप्ता समेत समिति के कई प्रमुख पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
समिति ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाने और धर्म लाभ उठाने की अपील की है।
