जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए करीब छह माह पहले शुरू की गई कैंटीन बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के निरीक्षण में निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप संचालित होती नहीं मिली। कैंटीन के लिए निर्धारित स्थान पर खाद्य सामग्री की बिक्री और संचालन की अपेक्षित व्यवस्था नजर नहीं आई। हालांकि, परिसर में एक महिला बिस्किट, कुरकुरे समेत अन्य पैक्ड सामग्री बेचती मिली।
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जसवंतनगर और चकरनगर स्थित सीएचसी की कैंटीनों का निरीक्षण किया। जसवंतनगर में निरीक्षण के दौरान कैंटीन की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर टीम ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह को मौके पर बुलाया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि भान सिंह ने बताया कि कैंटीन के संचालन को लेकर अधीक्षक से जानकारी मांगी गई। निरीक्षण टीम के अनुसार, इस संबंध में उनका जवाब संतोषजनक नहीं रहा। टीम ने मौके पर मिली स्थिति को दर्ज करते हुए इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को देने की बात कही है।
शासन स्तर से सरकारी अस्पतालों में प्रेरणा कैंटीन संचालित करने की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य मरीजों और तीमारदारों को उचित दर पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। ऐसे में सीएचसी में कैंटीन की निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप संचालन नहीं मिलने से व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण में सामने आई स्थिति की रिपोर्ट विभागीय स्तर पर भेजी जाएगी। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ0वीरेन्द्र सिंह मंडी चौकी इंचार्ज अनूप कुमार पांडेय भी मौजूद रहे।
