जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के तत्वावधान में जसवंतनगर स्थित हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में खेलकूद प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माय भारत इटावा की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय युवाओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम:
वॉलीबॉल (बालक वर्ग): हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज की टीम ने 'माई भारत यूथ क्लब नगला तौर' को एक रोमांचक मुकाबले में 27-25 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
वॉलीबॉल (बालिका वर्ग): हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज की 'ए' टीम ने अपनी ही 'बी' टीम को 25-6 के अंतर से पराजित कर जीत हासिल की।
कबड्डी: हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज जसवंतनगर की टीम ने श्री मुलायम सिंह यादव इंटर कॉलेज रायनगर को 27-11 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
बैडमिंटन: हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज के ऋषभ ने कॉलेज के ही मुकुल शुक्ला को 16-14 से हराकर पहला स्थान प्राप्त किया।
विजेता खिलाड़ियों का सम्मान:
प्रतियोगिताओं के समापन पर मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
नशामुक्त समाज का लिया संकल्प: कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने उपस्थित युवाओं को 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' की शपथ दिलाई। इसमें युवाओं से किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन न करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज के अन्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला, विवेक गुप्ता मोना, श्रेयस मिश्रा, सुदीप प्रजापति, कार्यक्रम नोडल कु. नीरज, ऋषभ पाठक, शिवेक, पीयूष, विवेक तथा माय भारत यूथ क्लब के अनेक कार्यकर्ता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
