संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 15 शिकायतें, एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं

MiH News


जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा । तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी संजय सिंह की अध्यक्षता और एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी की मौजूदगी में अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। समाधान दिवस में कुल 15 शिकायतें पहुंचीं, लेकिन इनमें से एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।

भाजपा नेता सुरेश गुप्ता ने रविवार को साप्ताहिक बंदी लागू कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। ग्राम प्रधान आलमपुर नरिया इंद्रेश कुमार ने सरकारी नलकूप खराब होने की शिकायत करते हुए उसे ठीक कराने की मांग की। ग्राम सिहाट निवासी विपिन कुमार ने दबंगों द्वारा आम रास्ते पर अवरोध किए जाने की शिकायत की। ग्राम धरवार निवासी वीरमति ने जमीन उगाही पर देने के बाद कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। नगला कंचनिया के ग्रामीणों ने ग्राम समाज के खाद के गड्ढों पर अवैध कब्जे की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

सीडीओ संजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का मौके पर जाकर सत्यापन करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि फरियादियों की शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए। किसी के बहकावे में आकर किसी के साथ भेदभाव न किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।

इस दौरान एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा, एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह, पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र सागर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

About Us

MiH News एक भरोसेमंद हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जहां आपको देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश, बिहार और स्थानीय क्षेत्रों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक तेज, सटीक और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाना है।