सिद्ध पीठ पिलुआ महावीर मंदिर पर दसवां विशाल भंडारा एवं छप्पन भोग उत्सव संपन्न

MiH News

इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। प्रसिद्ध सिद्ध पीठ पिलुआ महावीर मंदिर, रूरा (इटावा) में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री हनुमान जी की असीम कृपा से दसवें विशाल भंडारे एवं छप्पन भोग का भव्य आयोजन श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह वार्षिक धार्मिक कार्यक्रम प्रतिवर्ष बुढ़वा मंगल से ठीक पूर्व आने वाले मंगलवार को आयोजित किया जाता है।

​उत्सव के दौरान प्रभु महावीर जी को अर्पित करने के लिए विभिन्न प्रकार की शुद्ध व स्वादिष्ट मिठाइयों का विशेष छप्पन भोग प्रसाद तैयार किया गया। छप्पन भोग और भंडारे के दिव्य प्रसाद को ग्रहण करने के लिए दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

कार्यक्रम को दिव्य रूप देने के लिए दिल्ली से आए समिति के कार्यकर्ताओं ने दो दिन पूर्व ही डेरा डालकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। आए हुए सभी भक्तों को कार्यकर्ताओं ने पंक्तिबद्ध बैठाकर आदर-सत्कार के साथ भंडारे का प्रसाद ग्रहण कराया।

​यह पूरा आयोजन सिद्ध पीठ पिलुआ हनुमानगढ़ी के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 श्री महंत हरभजन दास जी महाराज के पावन सानिध्य में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

​इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य आयोजक मांगीराम राठौर, परमानंद राठौर, सर्विस राठौर, जगदीश राठौर (फौजी), रंजीत राठौर, पवन राठौर एवं आस पास के समस्त राठौर समाज के कार्यकर्ताओं की सराहनीय उपस्थिति व सक्रिय योगदान रहा।

About Us

MiH News एक भरोसेमंद हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जहां आपको देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश, बिहार और स्थानीय क्षेत्रों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक तेज, सटीक और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाना है।