औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के नगला नथा गांव निवासी अर्चना यादव पत्नी कमलेश यादव ने उपजिलाधिकारी बिधूना को प्रार्थना पत्र देकर मकान और भूमि पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। शिकायत में करीब 95 यूकेलिप्टस के पेड़ काटकर ले जाने और परिवार को धमकी देने की बात भी कही गई है।
अर्चना यादव के अनुसार मौजा गुवारी स्थित गाटा संख्या 2378ख पर उनका मकान बना हुआ है और वह परिवार के साथ उक्त भूमि पर रह रही हैं। आरोप है कि अनुरुद्ध कुमार पुत्र मुहब्बत सिंह, शिवराज सिंह पुत्र मुहब्बत सिंह और आनंद कुमार पुत्र यदुनाथ सिंह ने एकराय होकर मकान परिसर में लगे करीब 95 यूकेलिप्टस के पेड़ कटवाकर अपने साथ ले गए।
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद 11 सितंबर को आरोपितों ने मकान में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर ताला तोड़ दिया और जबरन कब्जा कर लिया। विरोध करने पर लाठी-डंडों से लैस होकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने उपजिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करते हुए कथित अवैध कब्जा हटवाने, काटकर ले जाए गए पेड़ों की बरामदगी कराने और आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
नोट: यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।
