जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा । यूजीसी और आरक्षण के मुद्दे को लेकर गुरुवार को आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। कानपुर मंडल अध्यक्ष लकी आजाद के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता मुख्य बाजार में एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए जुलूस निकाला, जो मुख्य बाजार से होते हुए बस स्टैंड चौराहे तक पहुंचा।
जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने यूजीसी बिल लागू करने और आरक्षण को बनाए रखने की मांग उठाई। मंडल अध्यक्ष लकी आजाद ने कहा कि प्रदर्शन का उद्देश्य संबंधित बिल को लागू कराने और आरक्षण को बरकरार रखने की मांग सरकार तक पहुंचाना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के साथ मिलकर आरक्षण समाप्त करने की बात करने वालों का राजनीतिक रूप से इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने लोगों से ऐसी बातों में नहीं आने की अपील की। लकी आजाद ने कहा कि बहुजन समाज इतना कमजोर नहीं है कि उसका आरक्षण समाप्त किया जा सके। उन्होंने भाजपा पर किसी समाज के हित में नहीं होने का आरोप लगाते हुए लोगों से उसके बहकावे में नहीं आने की अपील की।
लकी आजाद ने बताया कि जसवंतनगर से निकला जुलूस इटावा पहुंचकर धरना-प्रदर्शन में तब्दील होगा। वहां जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर यूजीसी और आरक्षण से जुड़ी मांगों के समाधान की मांग की जाएगी।
जुलूस के दौरान मुख्य बाजार और बस स्टैंड चौराहे पर लोगों की भीड़ जुटी रही। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
