इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद को गोंडा में पीड़ित परिवार से मिलने जाते समय कथित रूप से रोके जाने के विरोध में रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने इटावा कचहरी परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चंद्रशेखर आजाद की रिहाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
धरने का नेतृत्व आजाद समाज पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री एवं कानपुर मंडल मुख्य प्रभारी अभिषेक आजाद ने किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद गोंडा में एक पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पुलिस-प्रशासन द्वारा उन्हें रोक दिया गया तथा उनके साथ अभद्रता की गई। अभिषेक आजाद ने कहा कि किसी पीड़ित परिवार से मिलना जनप्रतिनिधि का लोकतांत्रिक दायित्व है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को रोके जाने की कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखने की बात कही।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा, ब्लॉक, सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने का आह्वान किया। धरने के दौरान जिलाधिकारी की गैरमौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारी राजेश बाथम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से चंद्रशेखर आजाद की रिहाई तथा कथित कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
इस दौरान भरथना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी विक्की उर्फ विकीत कठेरिया, जिला उपाध्यक्ष अतुल आजाद, कानपुर मंडल अध्यक्ष बॉलीयंटर लकी आजाद, जसवंतनगर विधानसभा अध्यक्ष अंशुल आजाद, सुधीर जाटव, भीम आर्मी जिला अध्यक्ष आनंद स्वरूप, मनीष शाक्य, मनोज भारती, मलखान सिंह, शिवम गोयल, अजय बौद्ध और सुमित चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इंसानी भाईचारा समिति के अध्यक्ष मोहम्मद आमीन भाई की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर आजाद की रिहाई की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
