जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। कचौरा-आगरा मार्ग पर संतोष भुवनेश एनर्जी स्टेशन (पेट्रोल पंप) का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। पेट्रोल पंप के फील्ड ऑफिसर प्रशांत मोहन (आगरा) और प्रोफेसर डॉ. बृजेश चंद्र यादव ने डॉ. भुवनेश चंद्र यादव एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख व विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव की मौजूदगी में फीता काटकर पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के अवसर पर पंप संचालकों ने ग्राहकों के लिए विशेष व्यवस्था की। पहले दिन पेट्रोल पंप पर आने वाले करीब एक हजार ग्राहकों को 100 रुपये का पेट्रोल मुफ्त दिया गया। इस पहल को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिला। नए पेट्रोल पंप के शुरू होने से कचौरा-आगरा मार्ग से राजस्थान और मध्यप्रदेश के साथ आगरा जिले को जाने वाले वाहन चालकों के साथ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को ईंधन के लिए अब दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पेट्रोल पंप की सुविधा उपलब्ध होने से वाहन चालकों को काफी सहूलियत मिलेगी और आवागमन भी सुगम होगा।
बताया गया कि प्रोफेसर डॉ. बृजेश चंद्र यादव की ओर से जसवंतनगर क्षेत्र में पहले से पांच पेट्रोल पंप और एक सीएनजी पंप संचालित किए जा रहे हैं। अब यमुना नदी के पार कचौरा-आगरा मार्ग पर संतोष भुवनेश एनर्जी स्टेशन की शुरुआत होने से कचौरा समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों और आगरा की ओर आने-जाने वाले राहगीरों को बेहतर ईंधन सुविधा मिल सकेगी।
उद्घाटन समारोह में मौजूद लोगों ने नए पेट्रोल पंप के संचालन पर प्रसन्नता जताई। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र के विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। समारोह के दौरान प्रधान राजपाल यादव, प्रकाश चंद्र यादव, अशांक हनी यादव, गौरब यादव सहित पंप संचालकों एवं अतिथियों ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।